नए साल की पहली कैबिनेट बैठक आज, नीतीश सरकार ले सकती है बड़े फैसले!
बिहार की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में यह बैठक आज यानी मंगलवार, 13 जनवरी 2026 को आयोजित होगी। खास बात यह है कि नए साल 2026 में यह नीतीश कैबिनेट की पहली बैठक है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, यह उच्चस्तरीय बैठक पटना स्थित मुख्य सचिवालय के मंत्रिमंडल कक्ष में संपन्न होगी। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री समेत राज्य सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार कई अहम नीतिगत, विकासात्मक और प्रशासनिक एजेंडों पर चर्चा कर सकती है और उन पर अंतिम मुहर भी लग सकती है।
गौरतलब है कि नीतीश कैबिनेट की पिछली बैठक 16 दिसंबर 2025 को हुई थी। उस बैठक में सरकार ने अपने महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय-3 के प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। इसके तहत नीतीश सरकार ने अपने मौजूदा कार्यकाल में पूरे किए जाने वाले प्रमुख विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तय की थी। ऐसे में आज की बैठक को पिछली बैठक की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, आज की कैबिनेट बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 जनवरी 2026 से समृद्धि यात्रा पर निकलने वाले हैं। इस यात्रा से पहले सरकार कुछ बड़े फैसले लेकर जनता को स्पष्ट संदेश देना चाहती है। माना जा रहा है कि विकास योजनाओं, बजट से जुड़े प्रस्तावों और प्रशासनिक सुधारों से संबंधित निर्णयों पर आज मुहर लग सकती है।
Divya Singh